औरंगाबाद से प्रिन्स कुमार की रिपोर्ट
लोजपा के पूर्व विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू सिंह भाकपा माओवादी नक्सलियों के निशाने पर हैं। नक्सलियों ने कई बार पूर्व विधायक एवं उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। लेवी के लिए सात दफे नक्सलियों ने कैंप पर हमला किया है। 10 वर्षो में नक्सली करोड़ों की संपत्ति फूंक चुके हैं। नुकसान के बावजूद पूर्व विधायक का परिवार नक्सलियों से लोहा लेते रहा है।
पहली दफे नक्सलियों ने वर्ष 2001 में झारखंड के गुमला स्थित कैंप पर हमला किया था। नक्सलियों ने वाहन फूंक दिए थे। इसी कैंप पर नक्सलियों ने लेवी के लिए तीन बार हमला किया। 2 जून 2003 को रोहतास जिला के इन्द्रपुरी स्थित कैंप पर माओवादी नक्सलियों ने हमला बोल 22 डम्पर, 2 पोकलेन मशीन, जेसीबी, ट्रैक्टर एवं 3 बाइक फूंक दिया। अजय इंजीकोन के नाम से नहर निर्माण का कार्य किया जा रहा था। पूर्व विधायक के पिता मथुरा सिंह एवं उनके परिजन नक्सलियों से लड़ने को हमेशा तैयार रहते हैं। ठेका लेने पर नक्सली इनसे लेवी मांगते हैं परंतु इन्होंने लड़ना स्वीकार किया लेवी देना नहीं। 2008 में कुटुम्बा के ओरडीह पहाड़ के पास स्थित कैंप पर नक्सलियों ने हमला बोल जेसीबी मशीन एवं डम्पर फूंक दिया था। बटाने नदी पर 11 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कार्य वर्ष 2010 से चल रहा है। नक्सलियों ने कई बार लेवी की मांग की परंतु पूर्व विधायक के परिजनों ने लेवी नहीं दिया। नक्सलियों ने 9 अक्टूबर 2011 की रात्रि कैंप पर हमला बोल 20 लाख का डोजर मशीन, 10 लाख का जेसीबी मशीन, 2 डम्पर एवं जनरेटर सेट फूंक दिया। नक्सलियों द्वारा फूंके गए डम्पर का नंबर जेएच05सी-5442, जेएच12बी-6573 बताया जाता है।
चर्चा है कि नक्सलियों ने कई बार लेवी की मांग की परंतु पूर्व विधायक के परिजनों ने कभी लेवी नहीं दिया। कैंप पर हमला से जिले के ठेकेदार दहशत में हैं। लंबी चुप्पी के बाद नक्सलियों ने पुलिस को चुनौती देते हुए पूर्व विधायक के कैंप पर हमला किया है। इससे पहले पूर्व विधायक के पैतृक गांव कालापहाड़ में नक्सलियों ने कई बार हमला बोला है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें