लोकप्रिय पोस्ट

लोकप्रिय पोस्ट

सोमवार, 10 अक्टूबर 2011

ठेकेदार के कैंप पर नक्सली हमला


औरंगाबाद/अम्बा,
रिसियप थाने के दोमुहान पुल के पास रविवार रात्रि भाकपा माओवादी के हथियारबंद नक्सलियों ने लोजपा के पूर्व विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डब्लू के कैंप पर हमला बोल डोजर, जेसीबी मशीन, दो डम्पर एवं जनरेटर सेट फूंक दिया। नक्सलियों ने यहां रहे मुंशी मोहन सिंह, चालक ओमप्रकाश सिंह, मिथिलेश कुमार एवं रामलखन यादव की पिटाई की। मुंशी को नक्सलियों ने हथियार की बट से पीटा। पूर्व विधायक के भाई अजय इंजीकोन कंपनी द्वारा बटाने पुल पर 11 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण कराया जा रहा है।
बताया जाता है कि नक्सलियों ने लेवी को लेकर घटना को अंजाम दिया है। नक्सली लेवी की मांग कर रहे थे परंतु पूर्व विधायक के परिजनों ने लेवी नहीं दिया। मशीन जलाने के दौरान नक्सलियों ने यहां रहे कंपनी के कर्मचारियों को काम न कराने की धमकी दी। कहा कि जब तक हमे लेवी नहीं मिलेगा काम नहीं होगा। कर्मचारियों की माने तो नक्सलियों ने चेतावनी के बावजूद काम करने पर जान मारने की धमकी दी है। जली मशीन एवं डम्पर की कीमत एक करोड़ रुपए बताई जाती है। मुंशी मोहन ने बताया कि करीब 10:30 बजे 25-30 की संख्या में हथियारबंद नक्सली कैंप पर पहुंचे और कर्मचारियों को कब्जे में लेकर मशीन में आग लगा दी। मशीन फूंकने के बाद नक्सली भाकपा माओवादी जिंदाबाद, जो हमसे टकराएगा चूर चूर हो जाएगा का नारा लगाते चलते बने। कैंप से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर रिसियप थाना है परंतु थानाध्यक्ष एवं पुलिसकर्मी थाना में बैठे रहे। एसडीपीओ संजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मामले में कांड संख्या 64/11 दर्ज की गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें